झांसा देकर किशोरी को ले जा रही महिला गिरफ्तार
0 देह व्यापार के दलदल में फंसने से बची किशोरी
0 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
बंडा। एक महिला ने किशोरी को अच्छे परिवार में शादी करा देने का झांसा देकर अपने चुंगल में फंसा लिया। मंगलवार रात किशोरी को ले जाते समय पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया है।
बंडा नगर के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की पुत्री को कसबे की ही एक महिला अपने साथ ले जा रही थी। इस बची किशोरी के परिवार के लोगों को खबर लगी गई तो उन्होंने लड़की और महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को भी जानकारी दी गई। उधर, मुखबिर ने पुलिस को बताया कि नगर की एक शातिर महिला एक नाबालिग लड़की को लेकर कहीं जा रही है। सूचना पर पुलिस ने पुवायां रोड से महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में लड़की ने बताया कि महिला ने उसे अच्छे घर में शादी करा देने की बात कहते हुए अपने साथ जाने को राजी कर लिया था और वह घर में बिना बताए महिला के साथ जा रही थी।
सूचना पाकर किशोरी का पिता भी थाने पहुंचा और महिला के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला को जेल भेज दिया है। किशोरी के पिता का आरोप है कि महिला गलत काम करती है और उसने कई लड़कियों को इस दलदल में धकेल रखा है। पुलिस की सक्रियता से उसकी पुत्री की जिंदगी खराब होने से बच गई।
00
बंडा में चल रहा जिस्मफरोशी का धंधा
बंडा। बंडा क्षेत्र में जिस्मफरोशी का धंधा जोरों पर चल रहा हैं। कुछ महिलाएं भोली भाली लड़कियों को तमाम तरह के प्रलोभन देकर देह व्यापार के धंधे में उतार देती हैं और बाद में ब्लैकमेल कर देह व्यापार पर विवश करती हैं। कुछ लोगों ने नाम नहीं प्रकाशित करने के अनुरोध पर बताया कि बंडा में कुछ स्थानों पर जिस्मफरोशी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इसके अलावा शादी कराने के नाम पर ठगी भी की जा रही है। दलाल किस्म के लोग कुछ महिलाओं से मिलकर बाहर से भी किशोरियों को यहां लाते हैं। लोग इस संबंध में शिकायत भी कर चुके हें, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।