गुरदेव की हत्या की सुपारी देने वालों पर लगा गैंगस्टर
आठ अगस्त 16 को कर दी गई थी हत्या
अमर उझाला ब्यूरो
पुवायां।
गांव बखत्यारपुर की पूर्व प्रधान तलविंदर कौर के पति गुरदेव की हत्या की सुपारी देने के आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है।
आठ अगस्त 16 को गुरदेव सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी तलविंदर कौर ने इस मामले में गांव बनियानी के विजय उर्फ टिल्लू, बेहटा ककरहा के जंगबहादुर, शंभूदयाल, गांव अगौना खुर्द के सोनू उर्फ सुधीर, कुशलपाल पर जमीनी विवाद में पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में पाया गया कि नामजद कराए गए लोगों ने हरदोई के शूटरों से गुरदेव की हत्या कराई थी। नामजदों के साथ ही हत्या में शामिल शूटर जेल भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी दो आरोपी फरार हैं।
पुलिस ने विजय, जंगबहादुर, शंभूदयाल, सोनू और कुशलपाल पर गैंग बनाकर आर्थिक और भौतिक लाभ उठाने, अवैध धन उपार्जन हेतु हत्या कराने और समाज में आरोपियों का भय होने की बात कहते हुए गैंगस्टर लगाने की संस्तुति की थी। अधिकारियों के आदेश के बाद शुक्रवार को उक्त के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर दी गई।