क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर से चोरी कर लिया था तार
सतवां खुर्द गांव के पास खेत में छिपाकर रखा था तार
शाहजहांपुर।
बिजली उपकेंद्र के पास कार्यशाला में रखे खराब-क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर से शुक्रवार रात कॉपर तार चोरी कर लिया गया था। चोरी किए गए 90 किलोग्राम कॉपर के तार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। चोरी के आरोप में पकड़े गए पीआरडी के तीनों जवानों को रविवार कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बरामद तार की कीमत एक लाख रुपये बताई गई है।
जेई शैलेश कुमार ने शनिवार को सदर थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया था कि पुवायां रोड पर चिनौर गांव से पहले बिजली उपकेंद्र के पास स्थित कार्यशाला में खराब-क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर से 90 किलो कॉपर के तार चोरी हो गया है, जबकि कार्यशाला में सुरक्षा के लिए तीन पीआरडी जवानों निगोही क्षेत्र के गांव सतवां खुर्द निवासी रामसेवक, थाना सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के गांव रोशननगर निवासी पातीराम और राजेश कुमार अलग-अलग समय पर ड्यूटी पर रहते हैं। पुलिस ने शक के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन लोगों ने तार चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। पुलिस ने चोरी किया गया तार सतवां खुर्द के जंगल के पास एक खेत से बरामद कर लिया। गिरफ्तारी होने के बाद पीआरडी जवानों से सीओ सिटी सुमित शुक्ला ने भी पूछताछ की। इस पर जवानों ने बताया कि रुपयों की कमी के कारण उन लोगों ने यह वारदात की है। तीनों को सदर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में तीनों को जेल भेज दिया गया।