खुटार (शाहजहांपुर)। एक युवती ने मायके की एक महिला पर जेवर और नगदी चोरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरदोई के थाना बघौली के गांव सुन्नी महरी निवासी विजय गुप्ता की पत्नी सोनी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 अप्रैल को वह अपने मायके खुटार गई थी। सोमवार को वह अपनी बहन के घर सिंधौली गई और वहां बैग खोलकर देखा तो बैग में रखे सोने के झाले, टॉप्स, हार, पायलें और 18 हजार रुपये की नगदी गायब थी। माल- जेवर गायब देख उसके होश उड़ गए। वह वापस मायके पहुंची और जेवर, नगदी चोरी की बात बताई तो मायके की एक महिला झगड़ा करने लगी। युवती के अनुसार उसे शक है कि उक्त महिला ने ही उसके जेवर और नगदी चोरी की है। एसओ इंद्रकुमार ने बताया कि सोनी की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। मामला सही पाया गया तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।