नगर में कांशीराम आवास योजना के तहत बने 536 आवासों में सभी पर बिना आवंटन कब्जा कर लिया गया है। आवासों में लोग बिना आवंटन के ही रहने लगे हैं। अधिकारी इस ओर से बेखवर नहीं हैं, लेकिन आवास खाली कराने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। बता दें कि पुवायां नगर में जेवां रोड और गांव सतवां के पास कई वर्ष पूर्व आवास बनने का काम शुरू किया गया था। धीरे-धीरे काम होने के बाद कुल 536 आवास बनकर तैयार हो गए और नगर पालिका को हैंडओवर कर दिए गए। इसके बाद शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया में लगभग छह सौ लोगों ने आवेदन कर रखे हैं, जिनकी जांच के लिए नवंबर 16 में तत्कालीन एसडीएम ने दो कमेटियों का गठन किया था। जांच के बाद आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो। इससे पूर्व ही सभी आवासों पर कब्जा कर लिया गया और तमाम लोग आवासों में रहने लगे।