कांट(शाहजहांपुर)। केआर पेपर मिल के लेबर रूम में एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कमरे से दुर्गंध आने पर जानकारी हुई। शव तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। घर वालों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराए जाने की मांग की है।
मीरानपुर कटरा निवासी 45 वर्षीय सूरजपाल कांट क्षेत्र में केआर पेपर मिल में ठेकेदार के अंडर में बतौर मजदूर काम करता था। तीन दिन पहले मजदूरी पर छूटने के बाद उसने ठेकेदार से लेबर रूम की चाबी लेकर वह कमरे को अंदर से दरवाजा बंद करके सो गया। अगले दिन साथी मजदूरों ने ध्यान नहीं दिया। बुधवार दोपहर जब कमरे से दुर्गंध आई, तब फिर पेपर मिल में कानाफूसी शुरू हो गई और कुछ ही देर में मिल के सभी कर्मचारी इकट्ठा हो गए। सूचना मिल मालिक को दी गई। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल अंदर से बंद दरवाजे को कुंडी तोड़कर खुलवाया। उसका शव बिस्तर पर पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी आ गए। भाई वेदपाल ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराए जाने की मांग की।
प्रथम दृष्टया अधिक शराब पीने की वजह से उसकी मौत हुई है। शव तीन दिन पुराना है। दुर्गंध आने पर जानकारी हुई। मिल के अंदर जिस लेबर रूम में उसका शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। परिजन हत्या की आशंका जाहिर कर रहे हैं, तो पैनल से पीएम करा दिया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक अविवाहित था। तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।
उपेंद्र सिंह यादव, थानाध्यक्ष
सूरजपाल मिल का कर्मचारी नहीं था वह ठेकेदार दिलशाद के अंडर में काम करता था। काम समाप्त होने के बाद अपने घर चला जाता था। 29 अप्रैल की शाम को उसने ठेकेदार से घर न जाने की बात कहकर रात में सोने के लिए लेबर रूम की चाबी मांगी। ठेकेदार ने उसे चाबी दे दी। बुधवार को कुछ सामान की जरूरत पड़ने पर ठेकेदार रूम पर गया तो वह अंदर से बंद था। दरवाजा खुले के बाद पता चला कि सूरजपाल की मौत हो गई है।
प्रांशु शर्मा, प्रबंधक कार्मिक,केआर पेपर मिल