शाहजहांपुर। गुरुवार को रुड़की रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद स्टेशन पर हाई अलर्ट कर दिया गया हो। शुक्रवार को आरपीएफ कमांडेंट वीके सिंह और इंस्पेक्टर जीआरपी अरविंद पांडेय ने स्टाफ की बैठक लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। स्टेशन पर चेकिंग अभियान भी चलाया।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी है। यहां मेटल डिटेक्टर, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड की कमी है। स्टेशन का पूरा यार्ड खुला हुआ है। कहीं से भी कोई यहां आ-जा सकता है। यह कमी अप्रैल के पहले सप्ताह ही इंटेलीजेंस ब्यूरो के निरीक्षण में सामने आई थी। हालांकि आरपीएफ कमांडेंट के अनुसार सुरक्षा इंतजाम चाकचौबंद कर लिए गए है। इसे लेकर जरूरी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
गौरतलब हो कि बृहस्पतिवार को मुरादाबाद रेल मंडल के रुड़की रेलवे स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक को धमकी भरा पत्र मिला है। इस पत्र में मुरादाबाद रेल मंडल के शाहजहांपुर समेत बरेली, हरिद्वार, लक्सर, देहरादून, रामपुर, गोरखपुर, फैजाबाद, लखनऊ रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरे पत्र में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एरिया कमांडर मैसूर अहमद का जिक्र है। छह महीने पहले इसी तरह का पत्र हरिद्वार स्टेशन अधीक्षक को भी मिला था। उस वक्त भी अलर्ट जारी किया गया था।
-
करीब छह महीने पहले भी इस तरह का धमकी भरा पत्र हरिद्वार स्टेशन अधीक्षक को मिला था। बृहस्पतिवार को मिली धमकी के बाद ट्रेनों और प्लेटफार्म की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्धों की तलाश में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता हैं।-वीके सिंह, कमांडेंट आरपीएफ