शाहजहांपुर। आदर्श चुनाव आचार संहिता और निशेषाज्ञा के बीच मंगलवार को भी कुछ लोगों ने प्रदर्शन करने के साथ निजी स्कूल संचालकों और सीबीएसई चेयरमैन का पुतला फूंकने की कोशिश की। पुलिस ने इन लोगों को खदेड़ दिया। पुतला भी छीन लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोंकझोंक भी हुई। हालांकि, निषेधाज्ञा के दौरान जमावड़ा लगाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। जबकि सोमवार को कलक्ट्रेट गेट पर धरना देने वाले विहिप, बजरंग दल के 150 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
जनता की आवाज संगठन के संस्थापक संजीव गुप्ता के नेतृत्व में काफी लोग मंगलवार को खिरनीबाग रामलीला मैदान में जमा हुए। इनके पास पुतले थे। यह पुतले निजी कांवेंट स्कूल संचालकों और सीबीएसई बोर्ड चेयरमैन के थे। इस बारे में जानकारी होने पर सदर बाजार इंस्पेक्टर किरनपाल फोर्स के साथ पहुंचे। प्रदर्शनकारियों से पुलिस ने पुतले छीने तो नोंकझोंक हो गई। हालांकि, यह लोग पुतला फूंकने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने इन लोगों को यहां से खदेड़ दिया। प्रदर्शन करने वालों में सोनी गुप्ता, मोनी सक्सेना, मुस्कान, विनीत श्रीवास्तव, संजीव,नवी अहमद, प्रमोद कुमार, रवि, राजा, मोनू शर्मा, वसीम आदि शामिल रहे। निषेधाज्ञा उल्लंघन के इस मामले में पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इंस्पेक्टर किरनपाल का कहना है कि जांच की जा रही है।