मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)।
आग से झुलसी विवाहिता की मौत हो जाने पर पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से पति सहित पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि बेटा नहीं होने पर विवाहिता को ससुरालियों ने जलाकर मार डाला।
बरेली के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के भूड़ जोशी टोला निवासी मनोज शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पुत्री क्षमा शर्मा की शादी आठ वर्ष पहले मोहल्ला नखासा गौटिया निवासी सतीश शर्मा के साथ की थी। शादी में उसने हैसियत अनुसार दान दहेज दिया था। शादी के बाद उसकी पुत्री के चार बेटियां हुईं। बेटा नहीं होने पर बेटी को उसके ससुरालीजन आए दिन प्रताड़ित करते थे। इस बात की बेटी ने उससे शिकायत की तो उसने ससुरालियों को कई बार समझाया भी, लेकिन उन लोगों का रवैया फिर भी नहीं बदला। आरोप है कि एक मार्च को बेटी को उसके ससुराल वालों ने मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जला दिया। उसकी शुक्रवार रात बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मृतका के ससुर राजेंद्र, सास रामलली, पति सतीश, देवर विजय और देवरानी रिंकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।