तिलहर(शाहजहांपुर)। हाईवे स्थित बाईपास चौराहे के पास पुलिस चौकी के सामने बाइक सवार युवकों ने चौबीस घंटे के अंदर दूसरी बार फायरिंग कर दहशत फैला दी। वहीं पुलिस फायरिंग करने वालों को दूसरे दिन भी नहीं पकड़ पाई। घटना से आसपास के दुकानदारों में दहशत है।
शनिवार देर शाम हाईवे पर पुलिस चौकी के सामने बाइक सवार दो युवकों ने एक खोखानुमां दुकानदार के पास जाकर गाली गलौज किया और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। युवक कुछ देर गाली गलौज कर पुलिस के आने से पहले भाग गए। इन युवकों ने शुक्रवार शाम भी पुलिस चौकी के सामने फायरिंग की थी। घटना के बाद कोतवाल रजी अहमद ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी, लेकिन दबंग पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। उधर, चर्चा है कि दुकानदार का शाहजहांपुर के कुछ युवकों से पुराना विवाद है, जिसको लेकर युवक दो दिन से बाईपास चौराहे पर आकर फायरिंग और गाली गलौज कर रहे हैं। उधर, प्रभारी कोतवाल रजी अहमद ने बताया कि दुकानदार से तहरीर देने को कहा गया है। वह तहरीर नहीं दे रहा है। तहरीर मिलने के बाद दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो