शाहजहांपुर। गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव सिमरिया रायपुर निवासी ब्रजपाल की गैर इरादतन हत्या के दर्ज मामले को हत्या में तरमीम कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर भोजवाल संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को साथ लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। बाद में मोर्चा का शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम इसी आशय का ज्ञापन दिया।
धरना स्थल पर मोर्चा के प्रांतीय अध्यक्ष फकीरे लाल भोजवाल ने कहा कि इस मामले में गढ़िया रंगीन के एसओ शुरू से आरोपियों का पक्ष लेते हुए मृतक की पत्नी भूदेवी को धमका रहे हैं कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और उसे गांव में रहने नहीं देंगे, इसलिए रिपोर्ट वापस ले लो। ज्ञापन मेें रिपोर्ट हत्या में तरमीम कर आरोपियों पर गैंगस्टर और रासुका के तहत कठोर कार्रवाई करने, गढ़िया रंगीन के एसओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने आदि मांगों का उल्लेख किया गया है।