तिलहर । रविवार की रात चोरों ने एक आढ़ती के बंद मकान के ताले तोड़कर जेवरात नगदी सहित लगभग दो लाख रुपये का सामान चुरा लिया। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
नगर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी अकील अहमद खान पुत्र हिकमत उल्लाह खां की नवीन मंडी समिति में लहसुन व प्याज के आढ़त की दुकान है। शनिवार को वह अपने बहनोई अखलाक को देखने के लिए सपरिवार शाहजहांपुर गए थे। इसी दौरान रविवार की रात चोरों ने उनके मकान के ताले तोड़ दिए और घर में रखा सोने का सिक्का, 15 हजार रुपये, चांदी की पायल, अंगूठी, हार सहित सऊदी अरब के रियाल जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये थी को चुरा ले गए। परिजनों ने बताया कि रात में आहट सुनकर मकान के ऊपर निवास कर रहे उनके भाई अतीक अहमद खान ने पड़ोसी शकील को आवाज दी उनके ललकारने पर चोर भाग निकले ।
बताते हैं कि रात में ही इसकी सूचना पुलिस और गृह स्वामी अकील अहमद को दी गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची 100 डायल पुलिस ने जांच पड़ताल भी की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।