फोटो-35,पीड़ित कमल कृष्ण सक्सेना
कोचिंग संचालक के खाते से जालसाज ने हड़पे 1.60 लाख रुपये
मोबाइल पर मेसेज मिलने पर हुई जानकारी, एक ही रात में लगा दी चपत
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। एक कोचिंग संचालक के अकाउंट से जालसाज ने 1.60 लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। मोबाइल पर मेसेज से जानकारी मिलने पर पीड़ित ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर क्षेत्र में स्थित आवास विकास कॉलोनी-महमंद जलालनगर निवासी कमल कृष्ण सक्सेना ने बताया कि उनका एक बचत खाता भारतीय स्टेट बैंक शाखा टाउन हाल में है। उसके खाते से 23 जुलाई की रात में पांच बार में क्रमश: बीस हजार, बीस हजार, चालीस हजार, चालीस हजार, चालीस हजार, कुल एक लाख 60 हजार रुपये एटीएम व स्वीप ट्रांसफर के जरिये अज्ञात व्यक्ति ने विड्रा कर लिए। मोबाइल पर मेसेज आने पर उसे जानकारी हुई। इसके बाद उसने बैंक प्रबंधक से संपर्क किया तो बताया गया कि वाराणसी के मोहल्ला लंका में स्थित बैंक में मंजू कुमारी के बचत खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। बैंक प्रबंधक ने मंजू के नाम दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उधर से कन्नड़ भाषा सुनाई दी। इस पर प्रबंधक ने अंग्रेजी भाषा में जब उससे बात की तो उसने गलत नंबर होने की बात कहकर मोबाइल कॉल काट दी। पीड़ित ने मामले की तहरीर सदर बाजार कोतवाली को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कर ली है। पीड़ित ने बताया कि उसने कभी किसी को अपना अकाउंट, पेन नंबर, एटीएम कार्ड नंबर आदि कभी नहीं बताया, फिर भी न जाने कैसे उसके रुपये जालसाजों ने हड़प लिए।