क्षेत्र के गांव चिरचिरा-कमलापुर रोड पर सुराही गांव की नहर पुलिया पर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार 30 वर्षीय उर्मिला और उनके पांच माह के बेटे आयुष की मौत हो गई, जबकि उनके पति प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्र के गांव जल्लापुर में रहने वाले प्रदीप कुमार अपनी पत्नी उर्मिला और पांच माह के बेटे आयुष के साथ बाइक से रविवार की दोपहर अपनी ससुराल पीलीभीत के अमृता गांव के लिए निकले थे। गांव चिरचिरा और कमलापुर के बीच गांव सुराही की नहर पुलिया पर तेज रफ्तार से आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर उर्मिला और आयुष की मौत हो गई, जबकि प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली सुराही गांव के पूर्व प्रधान जोगेंद्र सिंह का है।
खुदागंज पीएचसी पर हंगामा
घटना के बाद तीनों को खुदागंज पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के नहीं होने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। रविवार होने की वजह से अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। काफी हंगामे के बाद घायलों को देखने पहुंचे एक फार्मेसिस्ट ने उर्मिला और आयुष को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रमोद को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर कर दिया गया।