शाहजहांपुर। थाना आरसी मिशन के मोहल्ला रामबाग में वर्षों से बंद पड़े पशु अस्पताल में युवक का शव शुक्रवार को संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। युवक बृहस्पतिवार दोपहर घर से निकला था। शाम को उसकी परिवार वालों से फोन पर बात भी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मौके पर हालात और परिस्थितियों को देख परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।
आरसी मिशन थाने के मोहल्ला रामबाग में रहने वाले कालीचरन का 19 वर्षीय बेटा रामजी मेहनत मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकला था। रात आठ बजे तक नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसे फोन कॉल की। रामजी ने लखीमपुर खीरी में होने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। उन्होंने रामजी की नाते-रिश्तेदारियों के साथ संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार रात में ही गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे। यहां उनको सुबह आने की बात कहकर टरका दिया गया। शुक्रवार दोपहर मोहल्ले के कुछ बच्चे खेलते हुए बंद पड़े पशु अस्पताल में पहुंचे। यहां रोशनदान की सरियों के सहारे रस्सी के फंदे पर रामजी का शव लटका था। चप्पले नीचे पड़ी थीं। मोबाइल वहीं पर रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेज दिया। मृतक के परिवार में माता-पिता के साथ बहन रोली (21), सलोनी (13), नन्ही तीन साल और भाई आनंद हैं। इनका रो-रो कर बुरा हाल है। पिता कालीचरन ने अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में शुक्रवार सुबह गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आई है। परिवार वाले यदि कोई आरोप लगाते हैं तो उसकी भी जांच की जाएगी।
जय शंकर सिंह, एसओ आरसी मिशन