रोजा (शाहजहांपुर)। करीब डेढ़ माह पहले थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत की गई किशोरी को तो पुलिस ने मंगलवार सुबह हरदोई बाई पास से बरामद कर लिया, लेकिन उसका प्रेमी भाग निकला। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। बता दें कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 9 सितंबर को 14 वर्षीय पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट सात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी। बेटी का सुराग न लगने पर माता पिता ने जिला मुख्यालय पर अनशन भी किया था। थाना प्रभारी इफ्तेखार अहमद ने बताया कि अपहृत किशोरी को मंगलवार की सुबह दरोगा तेजपाल सिंह ने हरदोई बाई पास से बरामद किया है। लड़की ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है। अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाकर विवाह किया है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।