छात्रा का पांचवें दिन भी नहीं चल सका पता
बंडा। शारदा नहर में कूदने वाली छात्रा का पांचवें दिन भी कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोगों ने अभी आसना के मिलने की उम्मीद नहीं छोड़ी है और उसे रोजाना नहर के आसपास तलाश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 30 जनवरी को पीलीभीत के कसबा बिलसंडा के मोहल्ला हाथीखाना के प्रवीण शुक्ला की पुत्री 19 वर्षीय आसना शुक्ला का परिवार में विवाद हो जाने के कारण वह सुबह छह बजे बंडा के गांव मकसूदापुर में शारदा नहर पर पहुंची थी और मोबाइल को पुल पर रखकर नहर में छलांग लगा दी थी। आसना बिलसंडा में ही एक कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है।
घटना के बाद से ही आसना की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। आसना के भाई आकाश शुक्ला ने बताया कि वह लोग रोजाना तलाश में जुटे हैं लेकिन आसना का पता नहीं चल पाने से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं।