घर वाले नहीं आए, आखिर तोड़ दिया दम
शाहजहांपुर। जिला अस्पताल में 15 जनवरी को संदिग्ध हालात में भर्ती हुए प्रयागराज के 70 वर्षीय वृद्ध की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। हैरत की बात यह है कि पुलिस उसके घर वालों को नहीं तलाश पाई और बुजुर्ग ने राह तकते इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
प्रयागराज के थाना करारी के गांव सुकलक निवासी 70 वर्षीय मुन्ना पुत्र छोटेलाल को 15 जनवरी को संदिग्ध हालात में नवादा इंदेपुर निवासी मदन मोहन वर्मा ने रात आठ बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक उसकी स्थिति ऐसी लग रही थी जैसे वह किसी जहरखुरान गिरोह का शिकार हुआ हो क्योंकि उसने लड़खड़ाती आवाज में अपना नाम व पता बताया था और यह भी जानकारी दी थी कि उसके पास एक बैग था। लेकिन बैग कौन ले गया या कहां गया। इसके बारे में वह कुछ नहीं बता पाया। खून की कमी की वजह से उसे एक बोतल खून भी चढ़ाया गया था लेकिन इसके बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को उसने 9:15 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके बताए पते पर प्रयागराज के करारी थाना पुलिस के जरिये पता लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस पता वैरीफाई नहीं कर पाई। मंगलवार को उसकी मौत हो जाने के बाद पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया और एक बार फिर से उसके पते की पड़ताल में जुट गई है, ताकि उसके परिजनों तक खबर पहुंचाई जा सके।
मरने से पहले वृद्ध ने जो पता बताया था, उसे वैरीफाई कराया जा रहा है लेकिन अभी तक पता वैरीफाई नहीं हो पाया है, कोशिश की जा रही है। फिलहाल शव मोरर्चरी में रखवा दिया गया है।
राजकुमार तिवारी, इंस्पेक्टर चौक कोतवाली