शाहजहांपुर/कांट। भारी वाहनों की चपेट में आकर बाइकों पर सवार किशोरी और बुजुर्ग की मौत हो गई। बाइकों पर पीछे बैठे चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
कांट थाने के गांव इंदेपुर के अखिलेश अपनी पत्नी राखी, छह माह के बेटे और 17 साल की बहन राधा के साथ हरदोई के थाना शाहबाद के गांव चंदनपुर में शादी में शामिल होने गये थे। तीनों शाम को बाइक से लौट रहे थे। इंदेपुर गांव के पास मोड़ पर अखिलेश की बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। बाइक से गिरकर राधा ट्रॉली के पहिये के नीचे आकर कुचल गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। अखिलेश और राखी भी घायल हो गए। बच्चा बाल बाल बच गया। दूसरा हादसा नहर कोठी के पास हुआ। औदापुर के 70 वर्षीय राजेंद्र सिंह गांव के दो लोगों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। नहर कोठी के पास उनकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र सिंह की मौत हो गई। पीछे बैठे दोनों लोग घायल हो गये। हादसों में जान गंवाने वाले लोग हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।