शाहजहांपुर। तीन दिन पहले विपक्षियों के हमले में गोली से घायल प्रधान के छोटे भाई ने रविवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां के गांव रतनुर निवासी प्रधान पंकज यादव ने बताया कि 13 जून को शाम सवा चार बजे छोटे भाई सोमेंद्र यादव उर्फ सोनू को 13 जून को गांव के गामा, रामा, श्यामा सहित 22 लोगों ने रंजिशन हमला बोलते हुए गोली मारकर घायल कर दिया था। हालांकि मामला लंगूर को पीटकर मार देने के बाद बढ़ा था। वहीं घायल सोनू ने रविवार सुबह करीब नौ बजे इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के पीछे रंजिश के बारे में प्रधान ने बताया कि 1984 में प्रधानी चुनाव की रंजिश में गामा के पिता चोबर ने अपने भाई व साथियों के साथ मिलकर उसके ताऊ महेंद्र की हत्या कर दी थी। इस हत्या में चोबर समेत सात लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। तब से रंजिश चली आ रही है। हालांकि अब चोबर की मृत्यु हो चुकी है। इस बार चोबर के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके भाई की जान ले ली। ब्यूरो