तिलहर (शाहजहांपुर)। एक महिला ने घर में घुसकर पति सहित आठ लोगों पर मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा है कि उसकी कोर्ट मैरिज मोहल्ला नजरपुर निवासी रमजानी के पुत्र जीशान से ढाई वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके पति व ससुराली जन उसे प्रताड़ित करने लगे। प्रताड़ना से तंग आकर उसने अपने पति का घर छोड़ दिया और वह मोहल्ले में ही एक मकान में किराये पर रहने लगी। आरोप है कि गत 10 जून को शाम 8 बजे जब मकान में मौजूद थी उसी समय शहनूर, शबनूर, गुड्डू, सलमान, इमरान, जीशान पुत्रगण रमजानी व रमजानी पुत्र अल्ताफ खान और चंदा पत्नी लड्डन निवासी नजरपुर सभी मेरे मकान में घुस आए और मुझसे गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पति जीशान को छोड़कर सभी लोग छेड़खानी करते हुए मेरा हाथ खींचने लगे। वह चीखती चिल्लाती शोर मचाती कमरे से निकलकर अपनी मां के घर की ओर भागी तभी पीछे से सभी लोग दौड़ते हुए हाथों में लाठी-डंडे व नाजायज तमंचे लिए मेरी मां के घर में घुस गए और दोबारा मारपीट शुरू कर दी। घर में रखा गृहस्थी का सामान तहस-नहस कर दिया व दरवाजे तोड़ दिए। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसकी मां व भाभी के साथ भी मारपीट व छेड़खानी की। घटना से मुझे और मेरी मां व भाभी के चोटें आई हैं।
कोतवाल संजय राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ मारपीट छेड़छाड़ आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।