सेहरामऊ दक्षिणी(शाहजहांपुर)। घरेलू विवाद में एक युवक ने गांव से थोड़ी दूर खेत पर फंदा लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों ने शव पेड़ से लटकता देखा तो घर वालों को जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पत्नी को लेकर परिवार में कोई विवाद हो गया था जिस कारण उसने आत्मघाती कद उठाया।
क्षेत्र के गांव चंदगोई निवासी 25 वर्षीय सुरेंद्र वर्मा पत्नी को लेकर परिवार में हुए विवाद से नाराज था। हालांकि उसने नाराजगी किसी के सामने जाहिर नहीं होने दी। शाम को पिता कलक्टर वर्मा ने पड़ोसी गांव महमंदपुर में परिचित के यहां दावत में जाने को कहा, लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। इस पर पिता दावत में चले गए। घर में पत्नी श्यामा देवी, मां बतासो देवी भी मौजूद थीं। रात में किसी समय वह घर से निकल गया और गांव से आधा किलोमीटर दूर उसने खेत में पहुंचकर रस्सी से गले में फंदा कसा और पेड़ से लटक गया। मंगलवार सुबह पिता दावत से घर लौटा और कपड़े बदलकर खेत पर लगे इंजन पर चला गया। कुछ देर बाद गांव के कुछ लोग दूर खेत से लौटे तो बताया कि सुरेंद्र बकैना के पेड़ पर फंदे पर लटका हुआ है। तब उसे घटना की जानकारी हुई। इसके बाद घर खबर पहुंची तो कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सुरेंद्र की दो साल पहले श्यामा देवी से शादी हुई थी, उसके कोई बच्चे नहीं हैं। तीन बहनों में सुरेंद्र अकेला भाई था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं थानाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने बताया कि घरेलू विवाद आत्महत्या की वजह निकलकर आ रही है। आत्महत्या की ठोस वजह जांच के बाद ही निकलकर सामने आ पाएगी।