रोजा (शाहजहांपुर)। भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच बुधवार को रोजा थाना क्षेत्र के गांव बनतारा में एक मीट विक्रेता पर पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने का आरोप लगाते हुए आरोपी को गांव के लोगों ने घेरने की कोशिश की। लेकिन आरोपी भाग निकला। इसके बाद गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन करते हुए सीतापुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। आरोपी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमले के बाद जिले में पाकिस्तान के कुछ लोगों के समर्थन के मामले सामने आ चुके हैं। सोशल नेटवर्किंग साइड फेसबुक पर भारत विरोधी पोस्ट का सदर बाजार व खुटार में मामले दर्ज हो चुके हैं। धार्मिक भावनाएं भड़काने संबंधी पोस्ट भी सामने आ चुके हैं। सीतापुर रोड स्थित रोजा थाने के गांव बनतारा मिश्रित आबादी वाला गांव है। बुधवार दोपहर के समय यहां चौराहे पर मीट की दुकान चलाने वाला युवक कुछ अन्य साथियों के साथ खड़ा था। बताते हैं कि इसी दौरान भारतीय वायु सेना के मिग-21 जेट के क्रैश होने की बात सामने आई। आरोप है कि इस पर मीट विक्रेता ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। उसकी हरकत देखकर वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोश देखकर आरोपी और उसके साथी भाग निकले। गुस्साए लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीतापुर रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया और जाम खुलवाया।
पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने का आरोप जिस युवक पर लगाया जा रहा है उसकी तलाश की जा रही है। अभी किसी की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर न मिलने पर पुलिस अपने स्तर से साक्ष्य जुटाएगी। आरोप सही पाया जाता है तो आरोपी के खिलाफ पुलिस खुद देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करेगी। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
सुरेश कुमार, इंस्पेक्टर रोजा
पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने वाले की गिरफ्तारी को टीमें लगाई गई हैं। आरोपी के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। दिनेश त्रिपाठी, एसपी सिटी