पत्नी-सास को दिया नशीला पदार्थ, नकदी-जेवर लेकर चंपत
नानी ने बेहोश मां-बेटी को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक ने पत्नी और सास को नशीला पदार्थ खिला दिया। आरोप है कि दोनों के बेहोश हो जाने पर वह घर से नकदी जेवर आदि सामान लेकर भाग गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां युवती को तो होश आ गया लेकिन उसकी मां को होश नहीं आया है। इस मामले की अभी तहरीर नहीं दी गई है।
कांशीराम कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय महिला ने होश में आने पर बताया कि उसकी ससुराल गदियाना मोहल्ले में है लेकिन वह यहां कांशीराम कॉलोनी में मां के साथ रहती है। पति भी उसके साथ ही रहता है। आरोप है कि रात 11 बजे पति घर पर आया और उसने दवा के बहाने नशीली गोली उसे व उसकी 50 वर्षीय मां को खिला दी। दोनों लोगों के बेहोश हो जाने पर वह घर से नकदी, जेवर आदि सामान लेकर चला गया। महिला की नानी ने दोनों को बृहस्पतिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने बताया कि उसकी शादी दस साल पहले हुई थी। पति से उसके चार बच्चे हैं। उसने बताया कि उसका पति शहर के एक होटल में काम करता है। कोतवाल अशोक पाल ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
-------
किशोरी और महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव महमूदपुर चैनू निवासी शिव प्रकाश शुक्ला की 17 वर्षीय बेटी शिवांगी को बेहोशी की हालत में मां रिंकी ने बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, थाना कांट क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी ज्ञानेंद्र की पत्नी 23 वर्षीय ज्योति को भी बेहोशी की हालत में जेठ कुनेंद्र ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर का कहना है कि दोनों ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है। ब्यूरो