पुवायां (शाहजहांपुर)। सोमवार रात चोर एक टेंट हाउस की दुकान में नकब लगाकर चार हजार की नकदी सहित लगभग 25 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए। पुलिस को तहरीर दी गई है।
गांव दिउरिया निवासी सुनील गुप्ता की गांव गंगसरा में महक टेंट हाउस के नाम से दुकान है। सोमवार शाम वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोरों ने दुकान में पीछे से नकब लगाकर दुकान में रखे चार हजार रुपये, अल्टीनेटर का तार और टेंट का तमाम सामान चोरी कर लिया। सुनील मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो नकब लगी देख चोरी का पता चल सका।
सुनील ने पुवायां आकर पुलिस को तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने और चोरों का पता लगवाए जाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि सुनील की तहरीर पर जांच की जा रही है।