सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में तीन सगे भाइयों पर रिपोर्ट दर्ज
पुवायां (शाहजहांपुर)। सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
एक गांव की महिला ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी को वह पुवायां से पैदल घर जा रही थी। गांव से कुछ पहले गांव के ही रहने वाले तीन सगे भाई उसे मिले और तमंचा तानकर शोर नहीं करने की हिदायत देते हुए गन्ने के खेत में खींच ले गए। तीनों ने उससे दुष्कर्म किया और उसके कुंडल भी छीन लिए। घर में पति और पुत्र आदि न होने के कारण वह रविवार को पुलिस के पास नहीं आ सकी।
पुलिस ने सोमवार को महिला के आरोपों को गलत बताया था, लेकिन बाद में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि महिला के आरोप पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।