शाहजहांपुर। डाउन लाइन पर बृहस्पतिवार/शुक्रवार की रात करीब दो घंटे रेल यातायात ठप रहा। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सात घंटे देरी से शाहजहांपुर पहुंची। दरअसल, धनेटा स्टेशन के पास जनसेवा एक्सप्रेस का एक्सल गर्म होने की वजह से कोच को ट्रेन से अलग करना पड़ा था। इस वजह से पीछे आ रहीं रेलगाडिय़ां प्रभावित रहीं।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के शाहजहांपुर पहुंचने का समय शाम छह बजे है। बृहस्पतिवार को यात्री इंतजार करते रहे। ट्रेन करीब सात घंटे देरी से रात एक बजे शाहजहांपुर पहुंची। श्रमजीवी एक्सप्रेस का शाहजहांपुर पहुंचने का समय शाम 6:47 बजे है। यह ट्रेन भी करीब साढ़े चार घंटे देरी से रात 11:22 बजे पहुंची। सुपरफास्ट जैसलमेर-हावड़ा एक्सप्रेस भी चार घंटे देरी से शाहजहांपुर पहुंची। रात में चलते वाली ट्रेनों की देरी के संबंध में यात्रियों ने पता किया तो उनको बताया गया कि धनेटा स्टेशन के पास किसी ट्रेन का एक्सल गर्म हो गया है। ऐसे में ट्रेन से कोच को अलग किए जाने की वजह से डाउन लाइन पर यातायात प्रभावित है।