फोटो-27,कांट क्षेत्र में भड़ेरी मोड़ के पास युवती का शव मिलने पर मौका मुआयना करते सीओ सदर।
युवती की हत्या कर फेंकी लाश, शिनाख्त नहीं
गले में लोहे के तार से गला घोंटे जाने का मिला निशान
दुष्कर्म की भी आशंका, सीओ ने किया मौका मुआयना
अमर उजाला ब्यूरो
कांट(शाहजहांपुर)। कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार रात एक युवती की हत्या कर लाश भड़ेरी गांव की मोड़ के पास खाली पड़े खेत में फेंक दी। शुक्रवार सुबह युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती के गले में लोहे के तार से गला घोंटे जाने का निशान और नाक के पास खून रिसता मिला है। चर्चा है कि दुष्कर्म के बाद हत्या करके शव लाकर यहां डाला गया है। सीओ सदर ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
कस्बे से सात किलोमीटर दूर भड़ेरी गांव से कांट-जलालाबाद को जोड़ने वाले मार्ग किनारे गांव से पांच सौ मीटर की दूरी पर खेत में शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे गांव के लोगों ने युवती का शव देखा तो सन्न रह गए। गांव खबर पहुंची, तो कुछ ही देर में लोगों की भीड़ मौके पर लग गई लेकिन किसी ने भी शव की शिनाख्त नहीं की। जींस की पेंट और गुलाबी कलर का स्वेटर पहने युवती की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष लग रही थी। गले में लोहे के तार से गला घोंटे जाने का निशान दिखाई पड़ने से हर कोई युवती की हत्या किए जाने की बात कह रहा था। ग्रामीण इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि हो न हो, युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद घटना को अंजाम दिया गया और शव लाकर यहां इसलिए फेंक दिया, ताकि शिनाख्त न हो पाए। सूचना मिलते ही कांट पुलिस के साथ ही सीओ सदर बल्देव सिंह खनेड़ा भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी करने के साथ ही शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
------
तड़के डाला गया शव
शव में अकड़न नहीं होने की वजह से अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती का शव तीन या चार बजे के बीच लाकर डाला गया है, यदि देर शाम शव डाला गया होता तो पूरी रात में शव अकड़ जाता है। युवती की लाश मिलने से पुलिस भी हर बिंदु पर गहराई से पड़ताल में लगी है, शिनाख्त होने पर किसी तरह का कोई सवाल न खड़ा हो, इसलिए युवती के शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा।
-----
एक युवती की लाश भड़ेरी गांव की मोड़ के पास मिली है। अभी शिनाख्त नहीं हो पाई। घटना की गहराई से पड़ताल के साथ ही शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
दिनेश त्रिपाठी, एएसपी सिटी