छात्रा समेत दो लोगों ने फंदे पर लटककर दे दी जान
लखनऊ में राजकीय पॉलीटेक्निक में फाइनल की छात्रा थी श्रुति
बबक्करपुर गांव में महिला का फांसी के फंदे पर झूलता मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा/सेहरामऊ दक्षिणी। रोजा क्षेत्र के गांव हथौड़ा में बुधवार रात राजकीय पॉलीटेक्निक की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव बबक्करपुर में महिला का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
गांव हथौड़ा बुजुर्ग निवासी 20 वर्षीय श्रुति पुत्री लच्छूराम लखनऊ स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में फाइनल की छात्रा थी। रक्षाबंधन पर छुट्टी पर आई थी, तब से वह यहां घर पर ही थी। रात में वह कमरे में सोने चली गई। बृहस्पतिवार सुबह लगभग 6:30 भाई आदित्य बहन को जगाने उसके कमरे में गया तो वहां उसकी बहन पंखे के कुंडे से धोती के सहारे फांसी पर झूल रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। भाई आदित्य ने बताया कि श्रुति कुछ दिनों से तनाव में थी लेकिन उसने घरवालों को कोई बात नहीं बताई। मृतका दो भाई और पांच बहनों में सबसे छोटी थी। उधर, सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव बबक्करपुर निवासी राजीव कुमार वर्मा की पत्नी 22 वर्षीय ओमा का शव घर में फंदे पर झूलता मिला। पति के मुताबिक उसने बुधवार सुबह 11 बजे फांसी लगा लगी। सूचना पर थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव बिजलापुर से मृतका के पिता आशाराम बेटी को देखने उसकी ससुराल बबक्करपुर पहुंचे। बताते हैं कि दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत होती रही, लेकिन समझौता नहीं होने पर बृहस्पतिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के पिता ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। उसकी शादी को अभी तीन वर्ष हुए थे। मृतका के एक दो वर्ष की बेटी है। ओमा राजीव की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी सुनीता की बीमारी से मौत हो गई थी। उससे दो बच्चे हैं, जिनमें आठ वर्ष का रिंकू और छह वर्ष की बेटी स्वार्थी है।