कांट (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव पल्हौरा निवासी रामसरन की 17 वर्षीय बेटी रोली ने मंगलवार शाम तीन बजे फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
मंगलवार सुबह उसने पिता के साथ खाना खाया और कुछ देर तक टीवी देखती रही। इसके बाद दोपहर को वह कमरे में सोने चली गई। शाम करीब तीन बजे परिजनों ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तब फिर परिजनों ने जैसे-तैसे अंदर की कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला तो बेटी दुपट्टे के सहारे कुंडे में लगे फंदे से लटकी हुई थी। यह देखकर घर में कोहराम मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतका के चार भाई अनूप, वेदपाल, शोभित, जगतपाल हैं और दो बहनें नीलम और सोनम हैं। जिनकी शादी हो गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर सचिन पूनिया ने बताया कि रोली ने कक्षा आठ तक पढ़ाई की थी। इसके बाद वह घर पर ही थी। परिवार वालों ने बताया कि कुछ दिन से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।