जलालाबाद (शाहजहांपुर)। सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायल बुजुर्ग की बृहस्पतिवार देर शाम लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस लौट आए। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना परौर के गांव कुनिया नौआबाद निवासी जय सिंह (77) बुधवार को थाना मदनापुर के गांव चमरकलां में ब्याही बेटी ज्ञानदेवी के घर जाने के बाद बृहस्पतिवार को बाइक से वापस घर को लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जब वह कोला रोड पर गांव नौगवां की पुलिया के पास थे इसी दौरान तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल जय सिंह को सीएचसी भिजवाया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताते है कि हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर की सलाह पर परिजन जय सिंह को इलाज के लिए लखनऊ लेकर जा रहे थे कि रात करीब आठ बजे रास्ते में उनकी मौत ही गई। नतीजतन परिजन उनका शव लेकर गांव लौट आए। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे मनीष की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।