सत्याग्रह का इंजन क्षतिग्रस्त होने के मामले में जांच पूरी
जांच में सामने आई रेलवे के निर्माण सुपरवाइजर की चूक
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा। सीतापुर-रोजा ब्रांच लाइन पर बुधवार रात अप सत्याग्रह एक्सप्रेस का इंजन निर्माण विभाग के सुपरवाइजर की चूक की वजह से क्रॉसिंग के बैरियर से टकराया था। ज्वाइंट कमेटी की जांच में यह बात सामने आई है। जांच के बाद रिपोर्ट कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।
सीतापुर कैंट से मुरादाबाद जा रही अप 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस पर बुधवार रात पायलट योगेश पाल थे। ब्रांच लाइन के मैगलगंज स्टेशन के पास नोमैन क्रॉसिंग है। यहां रेल लाइन को दोहरीकरण किया जा रहा था। मैकलगंज स्टेशन से चलने के बाद ट्रेन नोमैन क्रॉसिंग के पास पहुंची तभी रात करीब तीन बजे ट्रेन का इंजन बैरियर से टकरा कर मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। करीब दो घंटे रेल यातायात भी प्रभावित रहा। रेल पथ अभियंता एके त्रिपाठी, यातायात निरीक्षक एसके यादव, आरपीएफ प्रभारी राम औतार मीना की ज्वाइंट टीम ने हादसे की जांच की। इसमें रेलवे के निर्माण विभाग के सुपरवाइजर को जिम्मेदार माना गया है। मामले में कार्रवाई के लिए ज्वाइंट जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट मंडल मुख्यालय उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
----------
किसान एक्सप्रेस का इंजन फेल, एक घंटे खड़ी रही
रोजा।
किसान एक्सप्रेस इंजन फेल होने की वजह से बृहस्पतिवार को करीब एक घंटे तक रोजा जंक्शन पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में दूसरा इंजन जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों ने भी हंगामा किया।