शाहजहांपुर। जैतीपुर के जिला पंचायत सदस्य और कुछ बैंक कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भुड़िया गांव निवासी सत्यपाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके क्षेत्र के गांव अली अकबरपुर नवादा निवासी अभिषेक प्रताप सिंह राहुल एक दबंग परिवार से हैं। परिवार की दबंगई के चलते जैतीपुर व पड़ोस के क्षेत्र में इनका एक नेटवर्क है। इस नेटवर्क के माध्यम से क्षेत्र की भोली-भाली जनता को अपने जाल में फंसा कर किसान सम्मान निधि दिलाने के नाम पर इनके खाते क्षेत्र के बैंक में खुलवाते हैं। खाता खोलने वाली प्रमुख बैंक जिला सहकारी बैंक जैतीपुर, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक जैतीपुर, बैंक ऑफ बड़ौदा जैतीपुर, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक पिटरहाई व भारतीय स्टेट बैंक कटरा आदि हैं। इन बैंकों में शाखा प्रबंधकों से उक्त दलाल की ऐसी सांठगांठ रहती है कि कोई व्यक्ति सीधे बैंक से पैसा निकालने पहुंच जाए तो उससे अभिषेक प्रताप सिंह को साथ लाने को कहा जाता है। इसी सांठगांठ के चलते उक्त व्यक्ति बैंकों से लाभार्थियों की पासबुक चेक बुक एटीएम कार्ड लेकर अपने पास रखता है और लाभार्थियों के खातों से स्वयं ही लेनदेन करता है। परिवार की दबंगई इतनी है कि क्षेत्र का कोई व्यक्ति इनके खिलाफ आवाज नहीं उठाता। 16 अगस्त को गांव के कुछ लोगों ने तंग आकर डीएम के समक्ष उपस्थित होकर शिकायत की थी। इनमें मैना, रामवती, अनुज पाल आदि लोग शामिल थे। पुलिस ने सत्यपाल की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य अभिषेक प्रताप सिंह राहुल व अन्य बैंक कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।