शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश महिला क्रिकेट अंडर-19 टीम में शामिल होने के लिए सिटी पार्क निवासी विकेटकीपर बल्लेबाज वृंदा भसीन नजदीक पहुंच गई हैं। कानपुर में हुए ट्रायल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में वह बल्ले से रन बनाने से भले चूक गईं, पर फील्डिंग में कमाल किया। अब शनिवार को होने वाले मैच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के समय जिले में महिला टीम बनाने के प्रयास अमर उजाला ने शुरू किए थे। कॉलेजों की छात्राओं ने उत्साह दिखाते हुए क्रिकेट खेलना शुरू किया। जिला स्तर से महिला क्रिकेट का जुनून अब यूपी स्तर तक पहुंच चुका है। नगर के सिटी पार्क में रहने वाली वृंदा भसीन का चयन यूपी अंडर-19 के ट्रायल के लिए हुआ था। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईं 60 महिला खिलाड़ियों के ट्रायल के बाद ग्रुप मैच कराए गए। शुक्रवार को वृंदा ने एक रन आउट, एक स्टंप करने के साथ कैच भी लपका।
बल्लेबाजी के दौरान वह मात्र नौ रन बना सकीं। शनिवार को उनका दोबारा से मैच होगा। उसमें बेहतर प्रदर्शन आगे की राह तय करेगा। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के को-ऑडिनेटर डॉ.मनोज यादव ने बताया कि वृंदा भसीन के उत्तर प्रदेश की टीम तक पहुंचने से जिले की महिला खिलाड़ियों में ऊर्जा का संचार होगा। लड़कियां भी क्रिकेट में अपना कॅरिअर देखने लगी हैं।
-
अंडर-19 की यूपी की टीम में शामिल होने के लिए वृंदा एक पायदान दूर है। अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करने पर उनका चयन होने की संभावना है।
आनंद पाठक, सदस्य, एपेक्स कमेटी उत्तर प्रदेश