थाना सदर बाजार के सामने प्रदर्शन करते पार्षद व सहयोगी। संवाद
शाहजहांपुर। मोहल्ला तिलहरजई निवासी पार्षद सीमा के पति नरेश चंद्र मौर्या के भतीजे हर्षित मौर्या को पीटने के मामलेे में मुकदमा दर्ज नहीं करने से नाराज पार्षद सदर थाना गेट पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस पर राजीनामा करने का दबाव बनाने का आरोप लगाकर नारेबाजी की और इंस्पेक्टर को हटाने की मांग पर अड़ गए। सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
वार्ड 33 से पार्षद सीमा के पति नरेश मौर्या का भतीजा हर्षित मौर्या बृहस्पतिवार रात मोहल्ले में मेडिकल स्टोर से दवा लेने गए थे। बाइक हटाने के विवाद में हर्षित को वहां मौजूद कुछ युवकों ने पीट दिया। आसपास के लोगों ने मामले को शांत करा दिया।
इसके बाद आरोपियों ने छत से चढ़कर पत्थर भी फेंके। फायर करने का आरोप भी है। रात में ही नरेश ने थाने आकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया। शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे फिर से नरेश थाने पहुंचे। आरोप है कि सदर इंस्पेक्टर ने दूसरे पक्ष से भी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा और पुलिस ने राजीनामा करने का उनसे दबाव बनाया। इस पर कुछ देर में तमाम पार्षद सदर थाने के गेट पर पहुंच गए।
दोपहर साढ़े 12 बजे भाजपा नेताओं के साथ उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच रूट मार्च कर लौटे सदर इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने पार्षदों से वार्ता की। पार्षदों ने सत्तापक्ष का होने के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। काफी कोशिश के बाद भी इंस्पेक्टर से बातचीत सफल नहीं हो सकी। सूचना पर सीओ सिटी बीएस वीर कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाने का प्रयास किया पर पार्षद इंस्पेक्टर को हटाने की मांग कर रहे थे। करीब पौने दो बजे अंतिम चरण की वार्ता के बाद सीओ ने मुकदमा दर्ज कराने की बात कहते हुए पार्षदों को राजी कर धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान दिवाकर मिश्रा, रामबरन सिंह, अनूप गुप्ता, विपिन यादव, पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता, भाजपा के युवा नेता वैभव खन्ना आदि बड़ी संख्या में पार्षद व भाजपा के नेता मौजूद रहे।
-
-पार्षदों की नाराजगी को खत्म कर धरना समाप्त करा दिया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की विवेचना कर कार्रवाई की जाएगी। बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी