खुटार। बंडा के कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आने वाले खुटार के गांव लक्ष्मीपुर के दस लोगों को जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
बंडा के गांव गुनहा खमरिया निवासी एक युवक का सैंपल 29 मई को जांच के लिए भेजा गया था। 31 मई को युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसी दिन से वह ददरौल स्थित कोविड-19 अस्पताल में क्वारंटीन है। 25 मई को लक्ष्मीपुर गांव के कुछ लोग अपनी पुत्री का रिश्ता तय करने गुनहा खमरिया युवक के परिवार में गए थे। संक्रमित युवक से जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव लक्ष्मीपुर में जाकर जांच की थी। बुधवार को लक्ष्मीपुर के दस लोग अपनी दोबारा जांच कराने को खुटार पीएचसी पहुंचे। वहां जांच के बाद उन्हें सैंपल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पीएचसी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि लक्ष्मीपुर के लोग बंडा के कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आए थे, जिस कारण एहतियातन जांच कराई जा रही है।