अफसरों ने मृतक सिपाही को दी अंतिम विदाई
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाने में तैनात सिपाही केशव कुमार का शव रविवार रात करीब नौ बजे उसके किराए के कमरे में लटका मिला था। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मेरठ में रहने वाले परिजनों को सूचना दी। सोमवार सुबह करीब छह बजे मेरठ से परिजनों के आने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया। कमरे के अंदर एक मोबाइल और कप टूटा मिला है।
दोपहर में पुलिस लाइन में सिपाही के शव को सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई है। एसपी देहात संजीव वाजपेयी और सीओ जलालाबाद अजय राय ने पुष्प चक्र अर्पित किए। सिपाही के परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, केशव के पिता की किराने की दुकान है। वह परिवार में सबसे बड़ा था। दो छोटी बहनें हैं। केशव की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मेरठ का रहने वाला था सिपाही
मेरठ जिले के खरखौदा निवासी रामकुमार का बेटा केशव कुमार (27) 2021 बैच का सिपाही था। उसने रविवार रात को फंदे से लटककर जान दे दी। दूसरी शिफ्ट में ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर साथी सिपाहियों की कॉल नहीं उठने के बाद जांच की गई। अंदर उसका शव लटका देखा गया। एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी और सीओ जलालाबाद अजय राय ने मौके पर पहुंचकर जांच की।