पिछले सप्ताह फर्जी टीईटी के सहारे नौकरी पाने वाले जिस शिक्षक को बर्खास्त किया गया था, पुलिस उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज से कतरा रही है। बीएसए राकेश कुमार ने धोखाधड़ी से नौकरी पाने वाले प्राथमिक स्कूल बजीदापुर कलान के शिक्षक रहे प्रत्यक्ष कुमार को बर्खास्त कर दिया था। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश खंड शिक्षाधिकारी को दिए थे, लेकिन अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बीएसए के मुताबिक मंगलवार को कलान के खंड शिक्षाधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि उनकी तहरीर पर कलान पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं। कलान थाना पुलिस का कहना है कि यह मामला जिला मुख्यालय से जुड़ा है। इसलिए रिर्पोट थाना सदर बाजार में दर्ज होगी। खंड शिक्षाधिकारी थाना सदर बाजार गए तो मामला कलान थाना क्षेत्र का बताकर टरका दिया गया। बीएसए राकेश कुमार ने कहा कि हालांकि पुलिस चौकी कचहरी के प्रभारी ने कार्यालय आकर मामले की जानकारी जरूर ली, लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने का मामला डीएम और एसपी तक पहुंचाया जाएगा।