शाहजहांपुर। संस्कृत की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं होंगी। जनपद स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में कक्षा छह से इंटर तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त तक होंगे।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ की ओर से संस्कृत में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता जनपद, मंडल और राज्य इन स्तर पर होगी।
जनपद स्तर पर कक्षा छह से इंटर तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। उनके बीच संस्कृत गीत, संस्कृत वाचन तथा संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। संस्कृत वाचन प्रतियोगिता में संस्कृत बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड के विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे।
मंडल स्तर पर इन तीन प्रतियोगिताओं के साथ ही संस्कृत गीत युवा वर्ग प्रतियोगिता स्नातक व स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं के बीच तथा श्लोक अंत्याक्षरी प्रतियोगिता कक्षा छह से इंटर के विद्यार्थियों के बीच कराई जाएगी। राज्य स्तर पर भी इन पांच प्रतियोगिताओं के साथ हीं अष्टाध्यायी, लघुसिद्धांत कौमुदी, अमरकोश और तर्कसंग्रह नामक ग्रंथों के कण्ठस्थ पाठ प्रतियोगिता होगी। इसमें कक्षा छह से इंटर के लिए के विद्यार्थी शामिल होंगे। श्रुतलेखन व संस्कृत भाषण प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
-
16 से 30 अगस्त तक होगी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता
जनपद स्तर पर संस्कृत खोज प्रतियोगिता 16 से 30 अगस्त तक होगी। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता 15 से 30 सितंबर और राज्य स्तर पर 16 व 17 अक्तूबर को लखनऊ में प्रतियागिता संपन्न कराई जाएगी।
एक विद्यालय के चार विद्यार्थी कर सकेंगे प्रतिभाग
प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। एक विद्यालय से एक प्रतियोगिता में अधिकतम चार विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। इसके लिए संस्थान की वेबसाइट https://upsanskritpratibhakhoj.com पर जाकर आवेदन किया जा सकेगा।