तिलहर (शाहजहांपुर)। एक स्कूल की प्रबंधक के पति पर शिक्षिका से दुष्कर्म और अपहरण करने की एफआईआर दर्ज की गई है। प्रबंधक का पति शिक्षक नेता है। शिक्षिका और शिक्षक नेता का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता लापता है। पीड़िता के पिता ने बुधवार को एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तिलहर थाना क्षेत्र में संचालित विद्यालय में एक युवती पढ़ाने आती थी। शिक्षिका के पिता का आरोप है कि विद्यालय की प्रबंधक का पति उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर स्कूल कार्य के बहाने शाहजहांपुर ले गया। वहां डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बन लिया। किसी को कुछ बताने पर पूरे परिवार को जान से मरवा देने व वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपी की धमकी से दहशत में आई शिक्षिका ने घर में कुछ नहीं बताया। आरोप है कि इसके बाद उसका लगातार शारीरिक शोषण किया जाता रहा।
पीड़िता के पिता ने एसपी एस. आनंद को बताया कि मंगलवार शाम छह बजे बेटी ने परिजन को घटना की जानकारी दी। वह शिकायत लेकर आरोपी के पास गए तो उन्हें भी धमकाया गया। बुजुर्ग पिता घर लौटा और सुबह बेटी के साथ थाने जाकर रिपोर्ट लिखाने की तैयारी कर ली। बुधवार सुबह परिजन जागे तो शिक्षिका घर से लापता थी। पीड़िता के पिता ने थाने पर पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। इसके बाद एसपी एस. आनंद से मुलाकात कर जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर तिलहर थाने पर आरोपी के खिलाफ धारा 376, 366 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। शिक्षिका युवती शहर के एक डिग्री कॉलेज में छात्रा भी है।
वीडियो भी हुआ वायरल
शिक्षक नेता व शिक्षिका का वीडियो बुधवार को वायरल हो गया। वीडियो शहर के होटल का बताया जा रहा है। पीड़िता के पिता ने एसपी से बेटी की बरामदगी की मांग की है।
पीड़ित पिता की तहरीर पर तिलहर थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। लापता युवती की तलाश पुलिस कर रही है। उसके मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। - संजीव कुमार वाजपेयी
हमारी एक लड़की ने वीडियो बनाई थी। लड़की के दो दोस्तों ने हमारे पास वीडियो भेजते हुए छह लाख रुपये मांगे थे। हमने चौक कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था। अगले दिन समझौता भी कर लिया था। इसके सुबूत उनके पास हैं। -आरोपी शिक्षक नेता