शाहजहांपुर। जिले के तिलहर ब्लॉक में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का उच्चीकरण किया जाएगा। इसके बाद विद्यालय में 12वीं तक की कक्षाएं शुरू होंगी। बीएसए दिव्या गुप्ता ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए जमीन का निरीक्षण किया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं कक्षा आठ पास करने के बाद आगे की पढ़ाई छोड़ देती थीं। इसके लिए शासन ने बा विद्यालयों के उच्चीकरण का फैसला किया है। तिलहर के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा आठ तक की कक्षाएं लग रही थीं, इसको उच्चीकृत करके 12वीं तक किया जाएगा। उच्चीकरण के लिए जमीन देखी गई है, जहां कक्षाओं का निर्माण करवाया जाएगा। छात्रावास भी बनाया जाएगा। उच्चीकरण के बाद विद्यालय में 200 छात्राएं पढ़ सकेंगीं। इसके लिए अनुमानित लागत की 40 फीसदी धनराशि कार्यदायी संस्था को अवमुक्त कर दी गई है। अभी यहां कक्षा आठ तक 100 छात्राएं शिक्षा गृहण कर रही हैं।