- पुलिस के अनुसार, फंदे से लटककर दी जान
- परिजन अचानक मौत होने का कर रहे दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। अल्हागंज थाना क्षेत्र के चंपतपुर निवासी जितेंद्र के पुत्र प्रियांशु (13) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन बच्चों के साथ खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत होने की बात कह रहे हैं। पुलिस के अनुसार, उसने फंदे से लटककर जान दी है।
प्रियांशु पड़ोसी गांव फतेहपुर में कक्षा आठ में पढ़ता है। जितेंद्र की पत्नी का बुधवार को कानपुर के एक अस्पताल में आंत का ऑपरेशन हुआ था। घर में प्रियांशु व उसकी तीन बहनें थीं। पोस्टमार्टम हाउस पर आए प्रियांशु के चाचा अंशुल ने बताया कि बच्चों के साथ खेलते समय अचानक से उसकी तबीयत बिगड़ गई। तुरंत ही सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस के अनुसार, प्रियांशु ने फंदे से लटककर जान दी है। जान देने की वजह जानने को परिजनों से पूछताछ की जाएगी। प्रियांशु चार बहनों में इकलौता भाई था।