शाहजहांपुर। सिंधौली क्षेत्र के भटपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय हसीब बिजलीपुरा मोहल्ला स्थित यामीन की कार वर्कशॉप पर मैकेनिक का काम करता था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे हरदोई-शाहबाद रोड पर स्थित एक गांव से एक व्यक्ति कार ठीक कराने आया था। कार से उतरने के बाद मालिक की कार के अंदर बैठे सांप पर नजर पड़ गई। इसके बाद मालिक समेत वर्कशॉप पर काम करने वाले लोग सांप को निकालने में जुट गए। सांप को कार से निकालने के लिए कार का हीटर करीब ढाई घंटे तक चलाया गया। इसके बाद सांप कार से बाहर आया। बाहर खड़े मैकेनिक हसीब के पैर में डंस लिया। सांप के डंसते ही मैकेनिक की तबीयत बिगड़ने लगी। वर्कशॉप संचालक यामीन ने तत्काल मैकेनिक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज मिलने के बाद मैकेनिक की हालत में सुधार है। संवाद