तिलहर। लॉकडाउन के दौरान गरीबों को राशन पहुंचाने के कड़े निर्देशों के बावजूद राशन विक्रेता शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए गरीबों का निवाला छीनने पर आमादा है। इसी के तहत पूर्ति निरीक्षक ने जांच के दौरान दो राशन विक्रेताओं की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर डीएम के निर्देश पर दो दुकानों को निलंबित कर दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक रूपेश जैन ने बताया कि निगोही के राशन विक्रेता अखिलेश अवस्थी और इसी क्षेत्र के गांव राघवपुर सिकंदरपुर के राशन विक्रेता भगवान दास की दुकानों की जांच के दौरान कालाबाजारी सहित अन्य अनियमितताएं मिलीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने दोनों दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूर्ति निरीक्षक ने राशन विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वह शासन के निर्देशानुसार लोगों को समय से राशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी न करें अन्यथा उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद