सदर बाजार थाने के सामने खड़ी कारें।स्रोत संवाद
शाहजहांपुर। मुख्य बाजार में खरीदारों की भीड़ को देखते हुए धनतेरस से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को ही पुलिस ने रूट डायवर्जन कर दिया। इसके बाद सिपाहियों ने मुख्य बाजार में बड़े वाहन व ई-रिक्शा घुसने नहीं दिए तो जेल रोड, लाल इमली चौराहा समेत कई जगह पर लोग जाम से जूझते रहे।
बहादुरगंज और चौक की प्रमुख बाजारों पर भीड़ के चलते सुबह से रूट डायवर्जन को प्रभावी कर दिया गया। बहादुरगंज आने वाले कई लिंक मार्गों से ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों को रोकने के लिए पुलिस और होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई। ऐसे में खरीदारी करने आने वाले लोग काफी दुश्वारियां हुईं। पंखी तिराहे पर वाहनों के रोकने के चलते मार्गों से निकलना मुश्किल हो गया। इसी तरह टाउन हाल रोड ऊबड़खाबड़ होने के चलते लोग जाम में फंसे रहे। इसी तरह जेल रोड पर भी लोग जाम से परेशान रहे।
पार्किंग के बजाय सड़क पर खड़े किए वाहन, पुलिस बेखबर : आमतौर पर सड़क पर बाइक खड़ी मिलने पर तुरंत चालान करने वाली पुलिस थाना सदर बाजार के सामने खड़ी कारों पर मेहरबान है। कारों को पार्किंग में खड़ी करने के बजाय लोग थाने के सामने व आसपास खड़ी कर बाजार चले जाते हैं। इंस्पेक्टर से लेकर दरोगा तक निकलते हैं, लेकिन थाने के सामने बनाए गए पार्किंग स्थल पर कार्रवाई नहीं करते हैं।