शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की बुधवार से शुरुआत होगी। तहसील सभागारों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वाराणसी के ट्रेड सेंटर में मुख्य कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुबह 10 बजे से होगा। इसके तुरंत बाद सभी जिला और तहसील मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइये व उनके आश्रित परिवार इस योजना के पात्र होंगे। तहसील स्तर पर सभागारों में आयोजित कार्यक्रमों में पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए जाएंगे। संवाद