शाहजहांपुर। ददरौल सीएचसी के प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए ददरौल ब्लॉक की तमाम आशा कार्यकर्ता विधायक आवास पहुंच गईं। डॉक्टर को हटाने की मांग पर अड़ीं आशा कार्यकर्ताओं को विधायक ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
आशा कार्यकर्ता वेलफेयर एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष कमलजीत कौर ने बताया कि सीएचसी प्रभारी आशा कार्यकर्ताओं से ठीक व्यवहार नहीं करते। क्षेत्र में जाने के दौरान भी कई बार अभद्रता से बात करते हैं। इसके विरोध में वे लोग सीएमओ के पास गईं तो उन्होंने कहा कि वह कुछ नहीं कर सकते। इस पर वे लोग विधायक से मिलने शहर स्थित उनके आवास पहुंची।
यहां विधायक के न होने के कारण आशा कार्यकर्ता वहीं पर बैठ गईं। फोन पर हुई बातचीत में विधायक ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया है। कमलजीत कौर ने बताया कि ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने डीएम से बात कर जांच के बाद एक हफ्ते में सीएचसी प्रभारी को हटवाने और आशा कार्यकर्ताओं की बकाया धनराशि जल्द दिलवाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान किरन बाला, कुसुम मिश्रा, प्रियंका सिंह, मीरा देवी, नीतू सिंह, सरिता दीक्षित, विमला वर्मा आदि आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। वहीं, ददरौल सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित यादव ने बताया कि उन्होंने किसी से कोई अभद्रता नहीं की है। उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।