चम्पाकली का रामरुपैया नाटक का पूर्वाभ्यास करते रंगकर्मी यशी सक्सेना, हर्षवीर। स्रोत : संस्था
शाहजहांपुर। इप्टा शाहजहांपुर और कोरोनेशन आर्ट थिएटर के संयुक्त तत्वावधान में तीन मार्च को गांधी भवन प्रेक्षागृह में हास्य नाटक चंपाकली का रामरुपैया का मंचन किया जाएगा। सेठ इन्क्लेव में रंगमंच कार्यशाला में 45 दिनों से लगभग दो दर्जन कलाकार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ रंगकर्मी व नाट्य निर्देशक जरीफ मलिक आनंद कार्यशाला में प्रशिक्षुओं को नाट्य कला और अभिनय की विशेषताओं का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि रंग कार्यशाला में भाषा, उच्चारण, संवाद अदायगी में संप्रेषण के महत्व, शरीर विन्यास, भावभंगिमा, लय–ताल, अभिनय में रस की निष्पत्ति आदि का अभ्यास करा रहे हैं। प्रस्तुति संयोजक इप्टा जिला इकाई अध्यक्ष संजय राठौर ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से नाटककार अशोक राही कृत नाटक चम्पाकली का रामरुपैया की नाट्य प्रस्तुति भी तैयार कराई जा रही है। इसका मंचन तीन मार्च को शाम 6:30 बजे गांधी भवन प्रेक्षाग्रह में किया जाएगा। कार्यशाला में राजेश भारती, रिषीकांत ऋषि, प्रियंका, यशी सक्सेना, हर्षवीर, शैलेन्द्र पटेल, लक्ष्मण मिश्रा, अभिषेक कुमार, देव मिश्रा, ओमवीर, दुर्गेश कुमार आदि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सौमित्र शुक्ला सह-निर्देशक की ज़िम्मेदारी निभा रहे हैं। आयोजन में पूर्व आईआरएस समाजसेवी कमल किशोर कठेरिया, वरिष्ठ रंगकर्मी आलोक सक्सेना, आरपीडी सोती, अनिल राठौर खिलाड़ी, अंकित सक्सेना, अमित श्रीवास्तव आदि सहयोग कर रहे हैं।