टाउन हॉल रोड पर बिना नंबर का ई-रिक्शा पकड़ती पुलिस । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। बिना पंजीकरण के चलने वाले ई-रिक्शों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। नगर के अलग-अलग तिराहे-चौराहों पर पांच टीमों ने बिना नंबर के संचालित 56 ई-रिक्शों को पुलिस लाइन में खड़ा करवा दिया। कागज लाने पर 23 ई-रिक्शों का मोटर व्हीकल एक्ट में चालान कर दिया गया। 33 ई-रिक्शे जब्त किए गए हैं।
नगर मजिस्ट्रेट आशीष सिंह की निगरानी में शनिवार को पांच टीमों का गठन कर ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की गई। अशफाक नगर चौराहे पर टीएसआई वीरेंद्र प्रताप, रोडवेज बस अड्डे के आगे दुर्गा मंदिर तिराहे पर टीएसआई विपुल त्यागी, डिपो रोड पर टीएसआई सरफुद्दीन, जीआईसी तिराहे पर एआरटीओ प्रवर्तन शांतिभूषण पांडेय और खिरनीबाग चौराहे पर यात्री कर अधिकारी होरीलाल ने चेकिंग की।
सीओ ट्रैफिक जगदीश लाल टम्टा भी निगरानी बनाए रहे। उन्होंने विभिन्न चौराहों पर भ्रमण किया। टीमों ने बिना नंबर के संचालित ई-रिक्शे अवैध मानते हुए पुलिस लाइन स्थित सीओ कार्यालय के सामने खड़ा करवा दिए। इस बीच करीब 56 ई-रिक्शे पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा चालकों ने सिफारिश का प्रयास किया, लेकिन यातायात पुलिस ने किसी की नहीं सुनीं।
गौरतलब हो कि अमर उजाला ने तीन जनवरी के अंक में ई-रिक्शों का रूट तय नहीं कर सका प्रशासन, जाम से परेशान जनता...शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद विभिन्न जगहों पर जाम की दिक्कतों को उठाया था। लगातार चले अभियान के बाद अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए बिना पंजीकरण के संचालित रिक्शों पर कार्रवाई की रुपरेखा तैयार की थी।
-बिना पंजीकरण के चलने वाले ई-रिक्शों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ई-रिक्शों के कम होने से जाम से काफी राहत मिल जाएगी। जगदीश लाल टम्टा, सीओ यातायात
पुलिस ने ई रिक्शा पकड़कर पुलिस लाइन में खड़े किए । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR