जलालाबाद में भाजपा नेताओं की इंस्पेक्टर से होती नोकझोंक । संवाद
जलालाबाद। पुलिस व प्रशासन की टीम ने फर्रुखाबाद हाईवे पर डाकबंगला मोड़ के पास स्थित किराना दुकान से बड़ी मात्रा में आतिशबाजी बरामद की है। इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी पहुंच गए। पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हो गई।
किराना की दुकान पर बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का भंडारण होने की पुलिस को सूचना मिली थी। इसके बाद नायब तहसीलदार रोहित कटियार व इंस्पेक्टर प्रदीप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दुकान में तलाशी में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी बरामद हुई। सूचना पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया।
इसे लेकर पुलिसकर्मियों से काफी नोकझोंक हुई। सूचना मिलने पर सीओ अजय राय भी पहुंच गए। इस बीच दुकानदार मौके से भाग निकला। पुलिस आतिशबाजी को पिकअप में भरकर कोतवाली ले आई। इंस्पेक्टर अपराध रवि कुमार ने बताया कि दुकानदार बिना लाइसेंस के आतिशबाजी का भंडारण व बिक्री कर रहा था। मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।